भरुआसुमेरपुर( हमीरपुर)। हाईवे पर चंदपुरवा गेट के पास शुक्रवार की देर रात बेकाबू ट्रैक्टर ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की की मौत हो गई। छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो सवार सभी लोग इंगोहटा गांव से कस्बे की रिमझिम फैक्टरी में काम करने जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, वहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इंगोहटा गांव निवासी रोहित यादव(22), सोनू कुशवाहा (27), हरिप्रसाद यादव (26), मनोज उर्फ जुम्मी शिवहरे, (23) इमरान खान (23), सुनील यादव ( 26 ), बबलू कुशवाहा (27), सुरेश सोनकर (24), अंकित सोनकर (23) ड्यूटी करने के लिए ऑटो से रिमझिम इस्पात फैक्टरी जा रहे थे।
रात करीब साढ़े नौ बजे हाईवे पर चंदपुरवा गेट के पास मौदहा की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में सोनू कुशवाहा, हरिप्रसाद यादव व मनोज उर्फ जुम्मी की मौके पर मौत हो गई। जबकि रोहित, इमरान, सुनील, बबलू कुशवाहा, सुरेश सोनकर, अंकित सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।