राठ। बेटे के साथ बाइक से क्वारंटीन सेंटर जा रहे संग्रह अमीन को रास्ते में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे अमीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा घायल है। चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया। संग्रह अमीन हेलमेट नहीं लगाए थे। अगर हेलमेट लगाए होते से जान बच सकती थी।
जरिया के पवई गांव निवासी शिवकुमार (42) पुत्र भगवानदीन राठ तहसील के बरुआ क्षेत्र में संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह 9 बजे वह अपने पुत्र पंकज के साथ बाइक से जीआरवी कालेज स्थित क्वारंटीन सेंटर जा रहे थे।
तभी रास्ते में अमगांव के पास खेत से सड़क पर चढ़ रहे एक ट्रैक्टर की टक्कर से अमीन शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुत्र पंकज गंभीर रूप से घायल हुआ। जिसे उपचार के लिए सीएससी में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अशोक कुमार यादव, सीओ शुभसूचित व तहसीलदार श्याम नारायण शुक्ला ने अस्पताल पहुंच परिवार को ढांढस बंधाया।
अमीन की मौत पर उसकी पत्नी राजकुमारी व पुत्र पंकज व रोहित का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल मनोज शुक्ला ने कहा शव का पोस्टमार्टम कराया है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीएचसी के चिकित्सक डा. डीएस वर्मा ने कहा संग्रह अमीन के सिर में गहरी चोट लगी है। कहा अगर हेलमेट लगाए होते तो शायद उनकी जान बच जाती।
सड़क निर्माण के दौरान मशीन की चपेट में आए मजदूर की मौत, हादसे के बाद हाईवे का निर्माण कार्य रुका
पौथिया (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के कलौलीतीर गांव के पास रविवार रात हाईवे पर सीसी सड़क निर्माण के दौरान मशीन की चपेट में आए छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मजदूरों ने निर्माण कार्य ठप कर दिया। हादसे के बाद मजदूर की पत्नी सदमे में है।
बेतवा पुल के दूसरी तरफ कलौलीतीर गांव के पास राठ हाईवे पर प्रयागराज की एक कंपनी सीसी सड़क का निर्माण करा रही है। इस कंपनी में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के शिवमनी गांव निवासी सोहन लाल (55) काम करता था। रविवार रात उसकी मशीन की चपेट में आकर मौत हो गई।
घटना के बाद ठेकेदार सुधीर चौधरी व मेट रामजी ने कंपनी के कर्मियों के साथ शव जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद सीसी रोड का निर्माण ठप है। उसकी पत्नी माला ने बताया अभी 15 दिन पहले ही वह पति के साथ उरई से यहां काम पर आई थी।
कंपनी के प्लांट में रहकर वह भी काम करती था। इधर उसकी पांच दिनों से तबियत खराब होने से वह काम पर नहीं गई। बताया उसके छह बच्चों में पांच बेटियां और एक पुत्र है। सभी बच्चे गांव में हैं। उधर कंपनी के सुपरवाइजर उपेंद्र ने कहा शाम छह बजे सड़क में काम करते तेज धूप के कारण उसे बेहोशी आ गई। तभी उसे सदर अस्पताल ले गए वहीं उसकी मौत हो गई है।
मृतक अमीन शिवकुमार की फाइल फोटो- फोटो : HAMIRPUR