फोटो 12 एमएएचपी 20 परिचय-हाईवे पर बैंक की दीवार में घुसा ट्राला। संवाद
कबरई (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर महोबा रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पास एक ट्राला बेकाबू होकर बैंक की दीवार में जा घुसा। हादसे में बैंक की दीवार के बगल में स्थित फोटोकॉपी की दुकान की शटर और अंदर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्राला चालक मौके से भाग गया।
रविवार को एक ट्राला हाईवे से गुजर रहा था तभी अचानक ट्राला बेकाबू हो गया और बैंक की दीवार से टकराते हुए घुस गया। बैंक के बगल में स्थित फोटोकॉपी की दुकान भी हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान संचालक संजय कुमार ने बताया कि ट्राला की टक्कर से दुकान की शटर टूट गई और अंदर रखा सामान खराब हो गया। इससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय बैंक और दुकान दोनों बंद थे। इससे कोई जनहानि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई है। हालांकि, दुर्घटना के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।