राठ। खेत में गन्ने की सिंचाई कर रहे किसान की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने लू लगने से मौत होने की आशंका जताई है। मझगवां थाने के कुल्हैंड़ा गांव निवासी अभिनंदन ने बताया कि मंगलवार को उनके पिता रंजीत (65) खेत पर गन्ने की फसल की सिंचाई कर रहे थे। अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। जानकारी होने पर परिजन सीएचसी लाए।
जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि पिता के नाम पर चार बीघा कृषि भूमि है। जिसपर गन्ने की फसल लगाई गई है। आशंका जताई कि लू लगने से पिता की मौत हुई है। किसान की मौत पर पत्नी कुसमारानी, बेटे अभिनंदन व बेटी कल्पना का रो रोकर बुरा हाल है। मझगवां थानाध्यक्ष दिनेश प्रसाद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।