मुस्करा (हमीरपुर)। प्रेमी के जेल जाने से अवसाद में आई कक्षा नौ की छात्रा ने दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बा थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी ने बताया कि उनकी नातिन (14) उनके साथ घर में रहती थी। वह इसी क्षेत्र के एक विद्यालय में कक्षा नाै की छात्रा थी। घर में केवल वह और नातिन दोनों ही रहते हैं। बताया कि नातिन बृहस्पतिवार को स्कूल से लौटने के बाद घर में रोज की तरह खाना खाकर बैठी थी। शाम लगभग पांच बजे मैं चारा काटने घर के पास चला गया। लौट कर देखा तो वह एक कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर लटक रही थी।
उसे पड़ोसियों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सीएचसी, मुस्करा लाए। जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया कि कुछ दिन पूर्व उनकी नातिन को एक लड़का मोहित अपने प्रेम जाल में फंसा कर दिल्ली ले गया था। जिसके खिलाफ उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मोहित जेल में है। इसी से अवसाद में आकर नातिन ने ऐसा कदम उठाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश तिवारी ने बताया कि उक्त घटना की सूचना मिली है।।