हमीरपुर। कांग्रेस में विस चुनावों के लिए टिकट दावेदारी को लेकर कसरत तेज हो गई है। तो ब्लाक कांग्रेस कमेटियों ने भी प्रत्याशियों के लिए तैयारी शुरू कर दी है। जिला हमीरपुर की लगभग सभी ब्लाक कमेटियों ने आला कमान को स्पष्ट संकेत दे दिए हैं। कमेटियों ने प्रस्ताव पारित कर विस चुनावों में बाहरी लोगों को पार्टी प्रत्याशी न बनाए जाने की मांग की है। हाल ही में एआईसीसी की ओर से जिला हमीरपुर के पर्यवेक्षक जुगल किशोर के साथ आयोजित बैठकों के दौरान में समस्त ब्लाक कमेटियों ने राय व्यक्त की। बाहरी लोगों को टिकट स्वीकर नहीं किया जाएगा। प्रत्याशी के चयन में वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की राय मानी जाए। तथा लंबे समय से पार्टी के लिए कार्य कर रहे नेताओं, पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की दावेदारी को दरकिनार न किया जाए। टिकट आवंटन के दौरान पैराशूटी नेताओं को नजर अंदाज किया जाए, जिससे जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस न पहुंचे। ब्लाक कमेटियों की चिंता, मांग का कारण कुछ विस क्षेत्रों में हाल ही में नेताओं की सक्रियता, और खुलेआम दावेदारी जताना माना जा रहा है। जिसने लंबे समय से कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं को भी चिंता में डाल दिया है।
हमीरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा (बिट्टू) ने कहा कि ब्लाक कमेटियों की राय को जिला में तैनात पर्यवेक्षक को बता दिया गया है, तथा उनके माध्यम से बात आला कमान तक पहुंचा दी गई है।