हमीरपुर। उप डाकघर चमनेड़ द्वारा प्रवेश पत्र देरी से पहुंचाने वाले दोषी कर्मचारियों पर विभागीय गाज गिर सकती है। शिकायत के आधार पर डाक विभाग हमीरपुर ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डाक देरी से पहुंचाने पर विभाग ने गहन जांच के निर्देश जारी किए हैं। प्रवर अधीक्षक डाकघर मंडल हमीरपुर ने जांच अधिकारी भी नियुक्त कर दिया है। जांच अधिकारी को मामले की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट भेजने के निर्देश जारी किए हैं। जांच में दोषी पाए कर्मचारी के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है। उप डाकघर चमनेड़ द्वारा डाक देरी से पहुंचाने की शिकायत पार्थी द्वारा डाकघर हमीरपुर में दर्ज करवाई गई थी। शिकायत के अनुसार प्रार्थी को प्रवेश पत्र परीक्षा होने के छह दिन बाद प्राप्त हुआ था। जबकि प्रवेश पत्र 6 जुलाई को पोस्ट हुआ था। शिकायत के अनुसार लैटर पर उपडाकघर चमनेड़ की मोहर भी नहीं थी, तथा डाकघर लंबलू की मोहर को भी मिटा दिया गया था। उधर, डाक विभाग हमीरपुर के प्रवर अधीक्षक एमआर चौधरी ने बताया कि शिकायत कर्ता के आधार पर विभाग ने छानबीन शुरू कर दी है। विभाग ने जांच अधिकारी को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रवेश पत्र देरी से पहुंचने के कारणों का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।