हमीरपुर। निजी संस्थान की छात्रा के चर्चित एमएमएस कांड के सिलसिले में मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ही ली। दो दिन बाद पुलिस को भूली हुई शक्तियों की याद आई और मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने विधिवत रूप से सदर थाना हमीरपुर में शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की। इस संबंध में छानबीन भी शुरू कर दी है। निजी संस्थान की छात्रा के एमएमएस का जिन्न बाहर आने के पश्चात पुलिस अनभिज्ञता जता रही थी और मामले को लेकर चुप्पी साधे हुए थी। लेकिन प्रदेश के नंबर वन समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ में समाचार के माध्यम से चुप्पी पर सवाल खड़े किए जाने के बाद पुलिस को हरकत में आना पड़ा।
पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस एमएमएस की तलाश में जुट गई है। एमएमएस हाथ लगने के पश्चात घटनास्थल की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए पुलिस ने अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। एमएमएस मामले में विधिवत शिकायत होने पर भी आगामी कार्रवाई स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने एमएमएस मामले में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगामी छानबीन शुरू कर दी है। एक निजी संस्थान की छात्रा के एमएमएस मामले को लेकर माहौल काफी गरमाया हुआ है। कथित एमएमएस में छात्रा के साथ अश्लील हरकतों को रिकार्ड किया गया है, जिसमें छात्रा का चेहरा तो साफ है। लेकिन आरोपी ने अपना चेहरा कहीं भी सामने नहीं आने दिया है। माना जा रहा है कि एमएमएस बनाने वाले आरोपी ने ही इसे आगे सर्कुलेट भी किया है, जो आग की तरह फैल रहा है।
उधर पुलिस अधीक्षक मधु सूदन ने कहा है कि आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।