सुजानपुर (हमीरपुर)। शहर और आसपास के क्षेत्रों में गैस की आपूर्ति न होने से लोग परेशान हैं। करीब दो सप्ताह से क्षेत्र में गैस की नियमित आपूर्ति नहीं हो पाई है। इसके चलते लोगों में रोष है। लोगों ने चेतावनी दी है कि गैस की नियमित आपूर्ति नहीं की गई तो मजबूरन धरना प्रदर्शन करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों में राजीव, रेखा, मीरां देवी, मोहन, राकेश कुमार, पप्पू, सुरेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार, संजीव कुमार, रोहित कुमार, दिनेश कुमार, अर्पित कुमार आदि का कहना है कि सुजानपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में दो माह से गैस की नियमित आपूर्ति नहीं हो पाई है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। लोग घंटों खाली सिलेंडरों को लेकर सड़क किनारे खड़े रहते हैं, लेकिन उन्हें मायूस होकर खाली सिलेंडर लेकर घर लौटना पड़ रहा है। जिससे लोगों का समय भी बर्बाद हो रहा है। उन्होंने बताया कि गैस की आपूर्ति न होने से शहर में खाली सिलेंडरों की दुकानों के बाहर भरमार लगी रहती है। गैस की आपूर्ति न होने से क्षेत्र के लोगों का गुस्सा फूटने लग पड़ा है। लोगों ने संबंधित विभाग को चेतावनी दी है कि अगर उन्हें नियमित आपूर्ति नहीं दी गई। तो लोगों को मजबूरन संघर्ष का रास्ता अपनाना होगा। लोगों ने धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। उधर, क्षेत्र की गैस एजेंसी के प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि गैस की सप्लाई होते ही लोगों को नियमित गैस की आपूर्ति कर दी जाएगी।