हमीरपुर। रास्ते के निर्माण को लेकर दो पंचायतों के लोग आमने-सामने खड़े हो गए हैं। एक पंचायत के लोग रास्ता बनाने के समर्थन में हैं, तो दूसरी पंचायत के लोग रास्ता बनाने के विरोध में हैं। दोनों पंचायतों के लोग रास्ते के मामले को लेकर बारी-बारी मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं।
विकास खंड टौणी देवी के अंतर्गत आती पंचायतें नाड़सीं और कालेअंब के बीचों बीच रास्ते का निर्माण किया जा रहा है। यह रास्ता एक पंचायत को दूसरी पंचायत के साथ जोड़ेगा। ग्राम पंचायत नाड़सीं के लोगों का कहना है कि यह रास्ता एक आदमी को फायदा पहुंचाने के लिए बनाया जा रहा है, और करीब 100 पेड़ों को काट कर इस रास्ते का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के गुब्बर दौरे के दौरान नाड़सीं पंचायत के लोग लिखित रूप में अपना विरोध जाहिर कर चुके हैं और मुख्यमंत्री को इस सारे मामले से अवगत करवा चुके हैं। तो वहीं मुख्यमंत्री के रविवार के हमीरपुर दौरे के दौरान ग्राम पंचायत कालेअंब के लोग भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे और रास्ते के निर्माण के लिए गुहार लगाई। इससे पहले कालेअंब के लोग उपायुक्त को भी एक लिखित प्रपत्र में रास्ता निकालने की मांग कर चुके हैं। अब देखना यह होगा कि दो पंचायतों की इस लड़ाई में रास्ते का क्या होता है।
उधर नाड़सीं पंचायत के प्रधान सुखदेव का कहना है कि रास्ता नाडसीं पंचायत के हरसन गांव से कालेअंब पंचायत के गांव भारीं तक निकाला जा रहा है। नाडसीं पंचायत की सीमा तक रास्ते का निर्माण नाडसीं पंचायत करवाएगी और उसके आगे के रास्ते का निर्माण कालेअंब पंचायत द्वारा करवाया जाएगा।