राठ (हमीरपुर)। मंगलवार की रात कांशीराम कालोनी में खाना बनाने के दौरान गैस रिसाव से घर में आग लग गई। आग से घर में रखा हजारों का सामान जल गया। पड़ोसियों ने जलते गैस सिलेंडर को कमरे से बाहर फेंक आग पर काबू पाया।
निरपाल सोनी अपने परिवार के साथ कालोनी के ब्लाक 23 कमरा 270 में रहता है। मंगलवार की शाम निरपाल की पत्नी गैस सिलेंडर में खाना बना रही थी। गैस रिसाव के चलते अचानक सिलेंडर ने आग पकड़ ली। जिससे पूरे घर में आग लग गई। मोहल्ले के लोगों ने जब घर में आग की लपटें उठती देखी तो हड़कंप मच गया। पड़ोस में रहने वाले कुछ साहसी युवकों ने गैस सिलेंडर को बाहर निकाल आग बुझाई। आग से घर में रखा कूलर, टीवी, बेड, कपडे़, सोफा जलकर खाक हो गया।