हमीरपुर। सदर अस्पताल के पास पैथालॉजी सेंटर में शुगर की जांच कराने आए टीचर का एक लाख रूपये से भरा बैग उचक्का उड़ा ले गया। बैंक से रकम निकाल कर बाहर आते ही उचक्के शिक्षक के पीछे लग गए और वारदात अंजाम दी। पीड़ित की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
कुरारा थाना क्षेत्र के झलोखर गांव निवासी कालका प्रसाद दीक्षित गांव के राजाराम इंटर कालेज में टीचर है। शुक्रवार को वह जिला अस्पताल रोड स्थित पैथालॉजी सेंटर में शुगर की जांच कराने आए थे। जांच के लिए खून देने के बाद पैैथालॉजी के फार्मसिस्ट ने कुछ समय बाद रिपोर्ट लेने के लिए कहा। इस पर कालका प्रसाद दीक्षित ने स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में जाकर अपने खाते से 50 हजार रूपये निकाले। पीड़ित शिक्षक ने बताया वह 50700 रुपये घर से लाए थे। बैंक से पैदल चल कर पैथालॉजी सेंटर पहुंचने के बाद उन्होने बेंच
पर बैठने के बाद पास में रुपये से भरा बैग रख दिया। जांच रिपोर्ट लेने के बाद वह काउंटर पर भुगतान करने लगे। इस बीच किसी उचक्के ने उनका बैग उड़ा दिया। शिक्षक ने बताया बैग में कुल 100700 रूपये, चेक बुक और तीन पासबुक थी। बैग में रामप्रकाश प्रजापति व श्यामबाबू प्रजापति की बैंक पासबुक और वोटर आईडी भी रखे थे। पीड़ित ने बताया वह एलआईसी एजेंट भी है। इसी कारण वह रुपये जमा करने एलआईसी कार्यालय जाने वाले थे। भुक्तभोगी शिक्षक ने एक लाख 700 रुपये से भरा बैग उचक्के द्वारा उड़ाने की तहरीर कोतवाली में दी है। कोतवाल पीके यादव ने बताया मामले की जांच की जा रही है।