मौदहा (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र के लिए शनिवार को होने होने वाले मतदान के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। मतदान को लेकर पोलिंग स्टेशनों पर अर्द्धसैनिक बलों के अलावा पुलिस व पोलिंग पर्टियां पहुंच चुकी है।
सदर विधानसभा में इस तहसील के 158415 मतदाता है। जिसमें 86277 पुरूष व 72138 महिला मतदाता है। इसके लिए तहसील क्षेत्र की इस विधानसभा में 152 बूथ बनाए गए है। चुनाव की शांति व्यवस्था के लिए चार बैरियर स्थापित किए गए है। इनमें महोबा व बांदा की सीमा पर इचौली गांव के निकट व कपसा गांव के डोयरा मुगली बांदा बांदा की ओर जाने वाली सड़क पर बैरियर लगाया गया है। वहीं मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग कानपुर सागर की विधानसभा की तहसील की अंतिम सीमा गहबरा चौकी व बीएसएनएल टावर के निकट बैरियर लगाए गए है। उपजिलाधिकारी रामजस गौतम ने बताया लोकसभा चुनाव से भी अधिक अर्द्धसैनिक बल पोलिंग सेंटरों पर तैनात होगें। सेक्टर मजिस्ट्रेटों व जोनल मजिस्ट्रेटों के अलावा उनकी व क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित थानो की पुलिस की मोबाइल गाड़ियां मतदान के दौरान क्षेत्र में घूमेंगी। हर बूथ पर माइक्रो अब्जर्वर व वीडियो कैमरे लगाए गए है। मतदान की पवित्रता व निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। चुनाव में गड़बड़ी पैदा करने के प्रयास करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नही जाएगा। शराब की दुकानें बंद रहेगी। सड़को में घूमने वाले या मतदाता ढोने वाले वाहनों पर विशेष नजर रहेगी। अगर ऐसा करते पाए गए तो वाहन जब्त होगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष व भयमुक्त माहौल में मतदान कराया जाएगा।