हमीरपुर । सदर विधानसभा के लिए हो रहे उपचुनाव का प्रचार अभियान गुरुवार शाम थम गया। इस बार बसपा के दूर रहने से चुनाव मैदान में कूदने वाले सपा, कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों के बीच वोटों की लड़ाई हो रही है। चुनाव प्रचार के दौरान सर्वाधिक ताकत सपा ने झोंकी है। वहीं अन्य दल भी पूरी ताकत से चुनाव मैदान में डटे है।
कुरारा प्रतिनिधि के मुताबिक सदर विधानसभा उपचुनाव के आखिरी दिन सपा व काग्रेस ने प्रचार में अपनी सारी ताकत झोंक दी। गुरुवार को उन्नाव के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने बाइक रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। डब्बू सिंह, राजबहादुर पाल, शंकर प्रधान, सभाजीत आदि कार्य कर्ता मौजूद रहे। उधर कानपुर के सपा नेता महेंद्र सिंह यादव ने क्षेत्र के मनकी, कुतुबपुर खोड, गोकुल डेरा, महलरा, जल्ला, जखेला आदि गावों में जनसंपर्क कर सपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। दीपक गेस्ट हाउस में वैश्य समाज की बैठक में महेंद्र सिंह यादव ने सपा प्रत्याशी शिवचरन प्रजापति के पक्ष में मतदान की अपील की। बेरी तिराहे पर कांग्रेस प्रत्याशी केशवबाबू शिवहरे के पक्ष में एमपी की राखी परमार ने नुक्कड सभा में पार्टी की नीतियों का बखान कर वोट मांगे। जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष मधु शिवहरे तमाम महिलाओं के साथ मौजूद रहीं।
मौदहा प्रतिनिधि के मुताबिक विधासभा उपचुनाव के अंतिम दिन काबीना मंत्री और विकासखंड क्षेत्र के चुनाव प्रभारी अनीस मंसूरी ने कई गांवो में जनसंपर्क किया। पार्टी प्रत्याशी शिवचरन प्रजापति ने गुसियारी गांव में जनसंपर्क किया। वहीं भाजपा संासद साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रत्याशी जगदीश प्रसाद व्यास के साथ सुमेरपुर फैक्ट्री एरिया और छोटा कछार, बड़ा कछार आदि निषाद बहुल गांवों में जनसंपर्क किया। कांग्रेस प्रत्याशी केशवबाबू शिहवरे व उसके भाई सिसोलर महाविद्यालय के अध्यक्ष विष्णुबाबू शिवहरे, मकरावं महाविद्यालय के प्रबंधक दीपक शिवहरे ने जनसंपर्क किया। बहुजन मुक्ति मोर्चे के राजेंद्र मधुपिया ने कस्बे के उपरौस मैदान में सभा को संबोधित किया।ष