राठ (हमीरपुर)। चिकासी गांव में आयोजित दिवारी नृत्य प्रतियोगिता में आधा दर्जन से अधिक गांवों की दिवारी टीमों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। दिवारी कलाकारों ने हैरतअंगेज कारनामे दिखा लोगों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता की शुरुआत विधायक गयादीन अनुरागी ने की। इसके बाद चिकासी, चुरहा, अतरा, कहटा, डकोर, रिहुंटा और पवई गांव से आई दिवारी टीमों ने अपने साजो सामान के साथ हुनर दिखाए। चिकासी के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की झांकी प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कलाकारों ने पाई डंडा, राई नृत्य का मनमोहक प्रदर्शन किया। अतरा के कलाकारों की प्रस्तुति बहुत ही अच्छी रही। यहां की टीम ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पवई की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर चिकासी गांव की टीम रही। विधायक ने शील्ड देकर विजेता टीम को सम्मानित किया। पूर्व प्रधान रामपाल सिंह राजपूत ने बताया कि 1991 में दिवारी प्रतियोगिता की शुरुआत की गई थी। इस मौके पर रामसिंह आचार्य, बालमुकुंद तिवारी, रघुनंदन यादव, ज्ञान सिंह, गोकुल राजपूत, हरचरन राजपूत नन्ना, ईश्वर दास, रामगोपाल अनुरागी, देवपाल प्रजापति, बलराम दादी, कल्लू जिगनी, मदन लोधी अतरौली सहित हजारों ग्रामीण मौजूद रहे। संचालन रामपाल सिंह यादव ने किया।