हमीरपुर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की नौवीं व 11वीं की परीक्षाएं जनवरी के आखिरी सप्ताह से शुरू होंगी। पहली बार ये परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी। इसके लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं जनवरी के अंतिम सप्ताह और फरवरी के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। डीआईओएस महेश कुमार गुप्ता ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि परीक्षाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से कराई जाएं। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश हैं। इसके साथ ही प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और उत्तर पुस्तिकाओं का सुरक्षित रख-रखाव के निर्देश जारी किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर बैठने, प्रकाश, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी कराई जाने के सख्त निर्देश हैं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।