अमर उजाला ब्यूरो
मुस्करा-गहरौली (हमीरपुर)। गुरुवार रात सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मुस्करा में रात्रिकालीन चौपाल लगाई गई। मुख्य अतिथि विधायक मनीषा अनुरागी मौजूद रहीं। चौपाल में कार्यकर्ताओं ने विकास कार्य न कराए जाने पर नाराजगी दर्ज कराई। मौके पर मौजूद राजस्व, चिकित्सा, बिजली, पेयजल व समाज कल्याण से संबंधित कई शिकायतें आईं।
मुस्करा में कालका देवी प्रांगण में चौपाल का आयोजन हुआ। कार्यकर्ता अंकुर तिवारी ने बस स्टैंड तिराहे पर महिला शौचालय निर्माण के साथ तालाब के सुंदरीकरण की बात रखी। किसानों को अन्ना मवेशियों आदि समस्याएं उठाईं। उसने विधायक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। सांसद पुष्पेंद्र चंदेल पर विकास कार्य में उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। रवि गुप्ता ने बिजली विभाग पर पैसे लेकर बिजली चोरी करवाने की शिकायत की।
बृजेश गुप्ता व उमेशचंद्र ने अधूरे पड़े शमशान घाटों को नए सिरे से बनवाने को कहा। शान मोहम्मद ने सरकारी जमीन पर एक वर्ग विशेष के अनधिकृत कब्जे का मामला उठाया। राहुल द्विवेदी ने पहाड़ी-भिटारी पेयजल पुनर्गठन का मुद्दा उठाया। विधायक ने शिकायतों को मौके पर ही निस्तारण को लेकर संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्रवाई का भरोसा दिया। भाजपा महामंत्री मदन मोहन राजपूत, ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरवन सिंह राजपूत, बीडीओ व डीपीआरओ, जलसंस्थान, जलनिगम के अधिकारी मौजूद रहे।
-सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत रात्रि चौपाल का आयोजन