अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
पुलिस थाना सदर के अंतर्गत मुख्य बाजार में एक महिला के खाते से दो युवकों ने अपने खाते में बड़ी चालाकी से 40 हजार की नकदी ट्रांसफर कर ली। ठगी का पता चलने पर महिला ने इसकी शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। अंजना देवी पत्नी जोगेंद्र सिंह सकलानी निवासी भेरड़ा टौणीदेवी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 13 अक्तूबर को वह हमीरपुर बाजार गई थी।
इस दौरान नकदी निकालने के लिए वह गांधी चौक हमीरपुर की एटीएम मशीन में गई। इस दौरान उसने 20 हजार की नकदी निकाली। इसके बाद उसने 10 हजार और निकालने के लिए एटीएम कार्ड मशीन में डाला लेकिन एटीएम मशीन आउट ऑफ ऑर्डर हो गई। इस दौरान एटीएम मशीन के अंदर खड़े दो युवकों ने उसका एटीएम कार्ड मशीन में डाला।
उसने अंजना से पिन कोड डलवाया। दोनों ने बड़ी चालाकी से उसके खाते से 40 हजार अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। इस दौरान अंजना को धोखाधड़ी का पता नहीं चला। इसके बाद जब अंजना को पता चला कि दोनों युवकों ने उसके साथ ठगी की है तो उसने मामले की शिकायत सदर थाना में दर्ज करवा दी है। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।