हमीरपुर। भारतीय डाक कर्मचारी तृतीय श्रेणी की मंडलीय शाखा हमीरपुर ने मुख्य डाकघर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। इस मौके पर कर्मचारियों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि डाक विभाग में सभी वर्गों में रिक्त पड़े पदों को भरा जाए।
सभी डाकघरों में पांच दिन का सप्ताह किया जाए। नई पेंशन योजना को बंद किया जाए। कर्मचारियों को 50 फीसदी पेंशन दी जाए। केंद्रीय कर्मचारियों को दिए जाने वाले सभी भत्तों की अदायगी पहली जनवरी 2016 से की जाए। केजुअल और पार्ट टाइम मजदूरों और कर्मियों को सातवें वेतन आयोग की तरजीह पर वेतन वृद्धि दी जाए। डाक विभाग में कार्यरत ग्रामीण डाक सेवकों को कमेटी द्वारा हितकारी अनुशंसाओं को शीघ्र लागू किया जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उन्हें सांकेतिक और देशव्यापी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होना पड़ेगा।