पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर बुधवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कृषि, उद्यान, मत्स्य और पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 63 किसानों को डीएम संध्या तिवारी ने शॉल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वही सुमेरपुर विकासखंड के उजनेड़ी गांव के किसान रामशरण को विपरीत परिस्थितियों में हैंडपंप से खेत की सिंचाई कर सब्जी उगाने के लिए जनपद स्तरीय प्रथम पुरस्कार दिया गया।
किसान दिवस पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल भी लगाए गए। इसमें सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। डीएम संध्या तिवारी ने स्टालों का जायजा लिया। किसान सम्मान समारोह में डीएम ने अमर उजाला में प्रकाशित खबर तदबीर से बदली तकदीर की पुन: प्रशंसा की। कहा कि रामशरण की मेहनत से से अन्य किसानों को भी सीख लेनी चाहिए। रामशरण को जिला स्तरीय प्रथम पुरस्कार प्रदान किया।
इसके अलावा प्रभुदयाल अटगांव को गेहूं की उपज, ज्ञानपाल मझगंवा को भैंसपालन, रामरतन प्रजापति बिवांर को मुसम्मी का बाग लगाने, जोगेंद्र द्विवेदी गुढा (सहफसली के लिए) समेत अन्य किसानों को शॉल और प्रमाण पत्र दिया। डीएम ने कहा कि पुरस्कार पाने वाले किसानों के खातों में धनराशि तीन दिन में पहुंच जाएगी।
कार्यक्रम मेें मौजूद सीडीओ एबी सिंह ने किसानों से कहा कि चौधरी साहब का सपना तभी सार्थक होगा जब भूमि को स्वस्थ रख गुणवत्तापूर्ण उत्पादन करें। किसान बलराम दादी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। संचालन मलखान सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में मृदा प्रयोगशाला अध्यक्ष एम हबीब खान, उप कृषि निदेशक सीएल यादव, जिला कृषि अधिकारी डा.धर्मराज सिंह, एलडीएम एसके साहू और अन्य अधिकारी व किसान मौजूद रहे।