हमीरपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) रविवार को जनपद के 12 केंद्रों पर संपन्न हुई। ज्यादातर अभ्यर्थी सामान्य ज्ञान के सरल सवालों तक के जवाब देने में लड़खड़ा गए। कुछ को गणित ने उलझाया तो कुछ रीजनिंग में परेशान रहे। दोनों पालियों में 10,272 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3,150 अनुपस्थिति रहे।
रविवार को जिले में 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में पीईटी संपन्न हुईं। प्रत्येक पाली में 5136 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन, सीसीटीवी निगरानी एवं परीक्षा संचालन की निगरानी की गई। पेपर छूटने के बाद शहर के लोनिवि कार्यालय से लेकर एसपी कार्यालय, किंग रोड, अस्पताल तिराहा आदि स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।
जिला प्रबंधक डॉ. शिवकुमार गुप्ता ने बताया कि सुबह 10 से 12 बजे तक प्रथम पाली में कुल 5,136 के सापेक्ष 3,558 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 1,578 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोपहर तीन से पांच बजे तक दूसरी पाली में 5,136 के सापेक्ष 3,564 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए जबकि 1,572 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
कुछ सवालों ने किया परेशान
पहली बार प्रारंभिक अर्हता परीक्षा दी है। पेपर अच्छा रहा है लेकिन कुछ सवालों ने परेशान किया। -मानस कुमार, प्रयागराज।
पेपर ज्यादा कठिन नहीं था
पहली बार पीईटी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिला है। पेपर ज्यादा कठिन नहीं था। पेपर अच्छा गया है। - रेशमा, बांदा।
दोनों पारियों की पीईटी परीक्षा सकुशल संपन्न कराई गईं। कहीं भी कोई समस्या नहीं रही। -अरविंद कुमार वर्मा, अपर एसपी।