गोहांड। किसानों ने खरीफ के सीजन में होने वाले अनाज की बिक्री के लिए सरकारी खरीद केंद्र खोले जाने की मांग की है। किसानों का कहना है सरकारी क्रय खुलने पर ही उन्हें समर्थन मूल्य का लाभ मिल सकेगा।
अटगांव के किसान नेता रामसनेही राजपूत, जराखर के बिहारीलाल आदि किसानों ने बताया क्षेत्र में काफी बड़े भू भाग पर खरीफ की फसलें बोई गई हैं। जिसकी मड़ाई चल रही है। काफी अनाज मंडी पहुंच रहा है।
जहां व्यापारी कम दामों में फसलों की खरीद कर रहे हैं। उड़द, मूंग का सरकार की ओर से घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य क्रमश: 5600 व 4800 रुपये प्रति क्विंटल है। जबकि ये अनाज खुले बाजार में व्यापारियों द्वारा 2800-3500 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा जा रहा है। इस स्थिति में न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने का कोई औचित्य नहीं है।
किसानों ने इसे अन्याय बताया। किसानों ने बताया बीते साल राठ मंडी में पीसीएफ व नैफेड ने इन फसलों की खरीद के लिए दो क्रय केंद्र खोले थे। लेकिन केंद्र दिसंबर में देरी से खुलने के कारण इनका लाभ किसानों नहीं मिला था।
इस समय भी वहीं आसार दिखाई दे रहे है। इस बारे में जनपद के क्रय केंद्र प्रभारी डिप्टी आरएमओ से संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।
किसानों ने खरीद केंद्र खोले जाने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो