हमीरपुर। जिलाभर के डिपुओं में पेंडिंग राशन का कोटा उपभोक्ताओं को सितंबर माह में मिलेगा। हालांकि खाद्य आपूर्ति विभाग ने पेंडिंग राशन का कोटा अगस्त माह में जारी करने का दावा किया था, लेकिन राशन तो दूर, विभाग दो दालों और सरसों तेल की आपूर्ति भी डिपुओं में समय पर नहीं कर पाया है।
जिला में 292 सस्ती राशन की दुकानों में आठ सिविल सप्लाई कारपोरेशन के गोदामों से राशन की आपूर्ति होती है। डिपुओं से जिलाभर के 1.37 लाख राशनकार्ड धारकों को राशन मुहैया करवाया जाता है। जून और जुलाई माह में उपभोक्ताओं को चीनी का कोटा नहीं मिल पाया है। इसके अलावा जुलाई माह में सरसों तेल का कोटा और अगस्त माह में मूंग और मसर दोनों दालों की आपूर्ति नहीं हुई है। हालांकि विभाग ने पेंडिंग राशन का कोटा अगस्त माह में पूरा देने का दावा किया था, लेकिन पेंडिंग राशन का कोटा गोदामों तक न पहुंचने के कारण उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाया है। ऐसे में विभाग ने पेंडिंग राशन का कोटा सितंबर माह में उपभोक्ताओं को जारी करने का दावा किया है। साथ ही लोगों ने खाद्य आपूर्ति विभाग से मांग की है कि डिपुओं में राशन की आपूर्ति एक साथ ही जाए। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उधर, खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली का कहना है कि सितंबर माह में पेंडिंग राशन की सप्लाई डिपुओं में दे दी जाएगी। टेंडर प्रक्रिया में देरी के चलते राशन की आपूर्ति प्रभावित हुई है।