फोटो06-एचएएमपी 26- मौदहा बांध के गेटों से निकलता पानी। स्रोत: विभाग
हमीरपुर। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के निर्देश पर मौदहा बांध से पानी की निकासी शुरू कर दी गई है। पहले दिन 3200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। नदी किनारे खेती करने वाले किसानों से लेकर गांव क्षेत्र में अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने कहा कि अफवाहों पर गौर न करें और सावधान रहें।
अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि बांध के गेटों की मरम्मत कराई जानी है। इसके लिए बांध को खाली किया जा रहा है। 15 मई तक बांध को खाली किया जाएगा। पांच मई की शाम से गेट खोलकर पानी छोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। लगातार पानी छोड़े जाने से बिरमा नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया है।
प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। नदी किनारे रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।