कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कुनेहटा मोड़ के पास ट्रक की चपेट में आकर मोपेड सवार दो शिक्षकों की मौत हो गई। बाइक चला रहा शिक्षक हेलमेट नहीं लगाए था। वहीं, हाईवे पर ही किसान पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक हेलमेट लगाए था, इसलिए उसे गंभीर चोट नहीं आई है।
शिक्षक नीरज कुमार दीक्षित (35) पुत्र जग प्रसाद निवासी इमिलिया व शिक्षिका मीरा देवी (30) पत्नी जयनेंद्र निवासी कुनहेटा सोमवार की शाम परीक्षा केंद्र से ड्यूटी कर मोपेड से गांव लौट रहे थे। हाईवे पर कुनेहटा मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों शिक्षक कुनहेटा गांव स्थित सूरजबली द्विवेदी इंटर कालेज में पढ़ाते थे।
उधर, हाईवे पर ही किसान पेट्रोल पंप के पास बीती रात महोबा जिले के खन्ना थाना क्षेत्र के मवईखुर्द निवासी बृजेश विक्रम सिंह (24) अपने पिता सेवानिवृत्त शिक्षक अनूप सिंह (60) व चाचा इंद्रभान सिंह (50) को बाइक पर बैठाकर जा रहा था। तभी तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर तीनों घायल हो गए। दो की हालत नाजुक होने पर सदर अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल अनूप सिंह की रास्ते में ही मौत हो गई। घायल चाचा इंद्रभान को इलाज के लिए बांदा रेफर किया गया है। घायल बृजेश विक्रम सिंह ने कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बृजेश ने बताया कि वह हेलमेट लगाए था, इसलिए उसे गंभीर चोट नहीं आई है।