कुछेछा स्थित बीआरसी केंद्र में सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित करते डीएम व विधायक।
- फोटो : अमर उजाला
भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह व शैक्षिक गुणवत्ता उन्नयन संगोष्ठी में जिलाधिकारी उदयवीर सिंह यादव ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा नींव की ईंट है। अगर यह कमजोर रह गई तो बच्चा आगे नहीं बढ़ सकता है। उन्होंने शिक्षा के साथ स्वच्छता पर भी जोर दिया। इस मौके पर 28 सेवानिवृत्त शिक्षकाें को शॉल व डायरी देकर सम्मानित किया।
गुरुवार को कुछेछा स्थित बीआरसी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक शिवचरन प्रजापति ने कहा कि शिक्षकों में अनुशासन की कमी आई है। उन्होंने शिक्षकाें का उत्पीड़न को रोकने पर भी जोर दिया। एडीएम डा. राजेश कुमार प्रजापति ने कहा कि बच्चे देश व समाज के कर्णधार हैं। इनको तैयार करने के लिए शिक्षकों को पूरे मनोयोग से कार्य करना होगा। बीएसए डा. इंद्रजीत प्रजापति ने कहा कि लोग अपने कर्मों से याद किए जाते हैं। अगर शिक्षक के कर्म अच्छे हाेंगे तो उन्हें भी समाज में सम्मान मिलेगा।
सुमेरपुर ब्लाक प्रमुख जयनारायन सिंह यादव ने कहा कि विद्यालयों में छात्र संख्या घट रही है। यह चिंता का विषय है। अभिभावकों में मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए प्रशासन को कठोर कदम उठाने चाहिए। इस मौके पर 28 सेवानिवृत्त शिक्षकाें को शॉल व डायरी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक बृजकिशोर यादव व अशोक पाल को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को शिक्षक संघ के महामंत्री राजबहादुर दक्ष, नाथूराम पथिक, बृजकिशोर यादव, प्रवीण खरे, रामप्रताप साहू, हरिप्रकाश कुशवाहा, अंब्रीश कुमार, नीतराज यादव आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रधान बाबू यादव, प्रमोद द्विवेदी, अवधेश यादव, बाबूराम यादव, रविशंकर वर्मा, आनंद अशोक सचान सहित अन्य शिक्षक, अभिभावक व प्रधान मौजूद रहे। संचालन जलीस खान व रामप्रकाश सविता ने किया।