हमीरपुर। जिला प्रशासन ने सुमेरपुर कस्बा समेत तीन स्थानों पर छापेमारी कर 21 घरेलू व तीन व्यावसायिक सिलिंडर पकड़े हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने दिव्या स्वीट व सीएससी संचालक समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
रविवार को जिला पूर्ति विभाग टीम ने सुमेरपुर कस्बा सहित तीन स्थानों पर छापेमारी कर 21 घरेलू व तीन व्यावसायिक सिलिंडर बरामद किए हैं। डीएसओ बीके शुक्ला ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सिलिंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए जिले भर में टीमें लगाई गई हैं। इसी क्रम में रविवार को सुमेरपुर कस्बा के पैलानी तिराहा स्थिति दिव्या स्वीट पर छापेमारी कर मौके से तीन एलपीजी व तीन कमर्शियल भरे सिलिंडर बरामद किए गए हैं। वहीं, क्षेत्र के पत्योरा गांव में सीएससी संचालक कुलदीप निषाद के आवास से 11 व इसी गांव के प्रदीप निषाद की आटा चक्की से कुल सात सिलिंडर बरामद हुए हैं। होटल संचालक कमलेश व सीएससी संचालक कुलदीप निषाद सहित प्रदीप के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई है।
इसे भी जानें
कुल एलपीजी एजेंसी - 20
कुल उपभोक्ता एलपीजी- 2,62,989
उज्ज्वला कनेक्शन धारक - 1,61,812
पीएनजी गैस कनेक्शन- 2,752
कमर्शियल - 1,006
रोजाना औसत बुकिंग - 2,770
विगत दिवस को वितरण - 4,267
विगत दिवस का स्टॉक - 9,201
विगत दिवस की बुकिंग - 11,154
समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
भारत गैस हेल्पलाइन नंबर
1800-22-4344 (टोल फ्री)
इंडेन गैस कस्टमर केयर नंबर
1800-2333-555 (टोल फ्री)
एचपी गैस कस्टमर केयर नंबर
1800-2333-555 (टोल फ्री)
भोर होते ही उमड़ पड़ती एजेंसी में भीड़
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे की एक मात्र गैस एजेंसी पंकज गैस एजेंसी में गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रतिदिन हो रही है। इसके बाद संकट कम होने की बजाय बढ़ता जा रहा है। डोर टू डोर आपूर्ति एक सप्ताह से बंद है। लोगों को बुकिंग करने के बाद सिलिंडर के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। भोर होते ही एजेंसी के बाहर भीड़ जमा हो जाती है। गाड़ी के आने पर भीड़ उसको घेर कर खड़ी हो जाती है। एजेंसी संचालक अखिलेश पालीवाल ने बताया गैस का कोई संकट नहीं है। प्रतिदिन आपूर्ति आ रही है। ओटीपी लेकर वितरण किया जा रहा है।
फोटो 15 एचएएपी 26- पत्योरा में पकड़े गए सिलिंडरों संग खड़े आरोपी सीएससी संचालक। संवाद