हमीरपुर। बुंदेलखंड विकास निधि के अंतर्गत प्रस्तावों की समीक्षा के संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई।
वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए शासन से जनपद के लिए बुंदेलखंड विकास निधि जिलांस के अंतर्गत कुल धनराशि 1500 लाख प्राप्त हुई है। सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कुल 118 परियोजनाओं के व विधायक राठ मनीषा अनुरागी ने 91 परियोजनाओं के प्रस्ताव दिए हैं ।
जिलाधिकारी ने कहा कि बुंदेलखंड विकास निधि के अंतर्गत सभी निर्माण कार्यों को नियमानुसार समय से तथा मानक के अनुसार पूर्ण किया जाएं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र शेखर शुक्ला, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, अन्य कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
विधिक सेवा दिवस पर जागरूकता शिविर हुए आयोजित
हमीरपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर जिला जज विष्णु कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तहसील सदर, मौदहा, सरीला, व राठ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गीतांजलि गर्ग न लोगों को विधिक सेवा क्या है, और यह किस प्रकार प्राप्त की जा सकती है के बारे में बताया।
तहसील सदर में तहसीलदार अनुभव चन्द्रा, पैनल अधिवक्ता शिवबरन सेन, टेली लाॅ मुनीन्द्र कुमार शिवा, पीएलवी छाया प्रजापति द्वारा अपने-अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा मौजूद रहीं। इसके साथ ही एक रैली भी तहसील सदर के प्रांगण से सचिव द्वारा रवाना की गई। जो जनपद न्यायालय के प्रांगण में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर जिला जज ने श्रेष्ठ पीएलवी समुदाय क्षेत्र छाया, नीरज विश्वकर्मा, एवं प्रेम शंकर को पुरस्कृत किया।
राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा
हमीरपुर। शहर निवासी उज्जवल पाठक ने स्थानीय स्वशासन की संस्थाओं पंचायती राज ,नगर निकाय के चुनाव में राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के सहभाग के रोक के संबंध में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। पत्र के माध्यम से बताया कि उनका मानना है कि स्थानीय चुनाव में राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के सहभाग से राष्ट्रीय मुद्दे स्थानीय मुद्दों पर हावी हो जाते हैं। मूलभूत विकास बाधित होता है। इस संबंध में समिति बनाकर व्यापक विचार विमर्श करने का अनुरोध किया है। (संवाद)