प्रधान पर अवैध खनन का आरोप
गांव आए एसडीएम से ग्रामीणों ने की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
राठ।
क्षेत्र के पड़रा गांव में प्रधान के संरक्षण में हो रहे अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की। एसडीएम ने मौके पर पहुंच मामले की जांच पड़ताल की। एसडीएम के निरीक्षण के दौरान मौके पर कुछ मौरंग पड़ी मिली।
क्षेत्र के जखेड़ी और पड़रा गांव की तलहटी में बिरमा नदी बहती है। शनिवार को पड़रा गांव के मुरलीधर, रामजीवन, हाकिम सिंह, महेश्वरी, लक्ष्मन आदि ने गांव पहुंचे एसडीएम रामभवन तिवारी को प्रधान द्वारा अवैध मौरंग खनन कराने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान के संरक्षण में सिंचाई विभाग की जमीन पर तालाब खोदकर चोरी छिपे अवैध मौरंग का खनन किया जा रहा है। रात के समय जेसीबी मशीन लगाकर तालाब से मौरंग निकाली जाती है और फिर पांच हजार रुपये प्रति ट्राली चोरी छिपे बेची जा रही है। एसडीएम ने ग्रामीणों की शिकायत पर जांच की। एसडीएम ने बताया कि जांच के दौरान मौके पर कुछ मौरंग पड़ी हुई थी। उधर, जखेड़ी गांव में भी बड़ी तादाद में मौरंग का अवैध खनन हो रहा है। प्रधान का कहना था कि उनके ऊपर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।