गहरौली। लोनिवि की अनदेखी से तीन माह पूर्व बनी कुनेहटा-मौदहा सड़क मामूली बूंदाबांदी में ही उखड़ गई। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने इस मामले में लोनिवि मंत्री को पत्र भेजा है। जिसमें उखड़ी सड़क की मरम्मत कराने के साथ जांच कराए जाने की मांग की है।
लोनिवि (प्रांतीय खंड) ने दिसंबर में चकदहा से कुनेहटा सड़क में डामरीकरण का कार्य कराया था। सड़क मामूली बारिश में उखड़ गई है। वहीं कुनेहटा में तालाब के पास बनाया गया रपटा के समीप सड़क पूरी तरह उखड़ गई है।
आरएसएस खंड कार्यवाह अभिषेक तिवारी, ब्लाक प्रमुख अनुपम मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, एनजीओ प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के मंत्री को पत्र भेजकर क्षतिग्रस्त स्थानों पर नए सिरे से पेंटिंग कराए जाने की मांग कर गड़बड़ी करने वाले ठेकेदार एवं विभागीय कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार गुप्ता ने कहा कि ओवरलोडिंग के चलते सड़क खराब हुई है। मरम्मत कराई जाएगी।
जनप्रतिनिधियों ने मंत्री को पत्र भेज मामले की जांच कराने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो