अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। एनएच-88 पर बस स्टैंड से ब्यास पुल तक वाहन चालकों के मनमर्जी से खड़े किए वाहन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। इस कारण वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय डाकघर के पास सड़क किनारे खड़े किए ट्रकों की वजह से आए दिन जाम लगा रहता है। स्थानीय लोगों संजीव कश्यप, सोनू, सोहन लाल, रमेश कुमार, लाल चंद, किशोरी लाल, मदन लाल, अमन कुमार, अकुंश शर्मा, लखनपाल ठाकुर, रवि कुमार, मंजीत कुमार, सुनील कुमार, राजीव डोगरा, नीरज कुमार, लेख राज, राज कुमार, रिंपी, संजीव, शम्मी, मोंटी चौधरी, बीरबल कुमार, मनोज कुमार, राकेश और कुलदीप का कहना है कि इस स्थान पर कोई भी पुलिस कर्मी तैनात न होने से वाहन चालक सड़क किनारे मनमर्जी से अपने वाहन खड़े करते हैं। इस कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि जैसे ही पुलिस गश्त कर वापिस लौटती है तो सड़कों का आलम दोबारा वही हो जाता है। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों से राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना प्रभारी नादौन सतीश शर्मा का कहना है कि पुलिस ऐसे वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई रहती है। अगर ऐसा हो रहा है तो किसी को भी कानून का उल्लंघन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।