हमीरपुर। शहर में नगर परिषद के कर्जदारों को नप अधिकारियों ने नोटिस जारी कर दिए हैं। नगर परिषद ने करीब नौ दर्जन डिफाल्टरों को लीगल नोटिस जारी किए हैं। इन डिफाल्टरों के पास नगर परिषद के गृहकर के रूप में करीब 30 लाख रुपये फंसे हुए हैं। डिफाल्टरों को नप ने एक माह के भीतर पेंडिंग हाउस टैक्स के भुगतान की मांग की है। नगर परिषद हमीरपुर के कुल 11 वार्ड हैं।
इन वार्डों के करीब नौ दर्जन उपभोक्ताओं ने अरसे से हाउस टैक्स की अदायगी नहीं की है। डिफाल्टर उपभोक्ताओं में शहर के नामी कारोबारी और अधिकारी भी शामिल हैं। इन्होंने कई नोटिसों के बावजूद हाउस टैक्स की अदायगी नहीं की है। ऐसे में नगर परिषद ने अब वार्ड स्तर पर डिफाल्टर उपभोक्ताओं की सूची तैयार की है। डिफाल्टरों की सूची में नौ दर्जन भवन मालिक शामिल हैं। इनके पास नगर परिषद का करीब 30 लाख रुपये गृहकर के रूप में फंसे हुए हैं। पेंडिंग गृहकर की वसूली के लिए नप अधिकारियों ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं को लीगल नोटिस भेज दिया है। इसमें एक माह के भीतर गृहकर चुकाने के फरमान है। इस अवधि में हाउस टैक्स न चुकाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नप आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। उधर, नगर परिषद हमीरपुर के कार्यकारी अधिकारी विनोद कुमार का कहना है कि नप का करीब 30 लाख रुपये गृहकर डिफाल्टरों के पास फंसा है। इसके लिए डिफाल्टरों को नोटिस जारी कर दिया गया है।