अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। डिग्री कॉलेज हमीरपुर में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान प्रथम बीए, बीकॉम और बीएससी संकायों के सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 1708 छात्रों ने अपने फार्म एडमिशन कमेटी के पास जमा करवाए गए हैं। 24 जून को छात्रों के लिए मेरिट लिस्ट कॉलेज नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी। विज्ञान संकाय को छोड़कर शेष दोनों संकायों की लिस्ट पूर्ण रूप से प्रदर्शित की जाएगी। विज्ञान संकाय के छात्रों को अपना मेजर विषय चुनने के लिए 24 जून को कॉलेज परीक्षा हाल में पहुंचना होगा। सुबह 11 बजे से साइंस विषय वाले छात्रों की काउंसिलिंग शुरू होगी। इस दौरान कमेटी साइंस के छात्रों को मेजर विषय का चुनाव करवाएगी। फार्म भरने के दौरान साइंस संकाय के छात्रों ने फार्म में तीन विषय भरे हैं। अलग-अलग प्रॉस्पेक्टस भरने से बचाव को लेकर कॉलेज प्रबंधन ने काउंसिलिंग के दौरान मेजर विषय का चुनाव करवाने का निर्णय लिया है। इसके बाद 27 जून को साइंस संकाय की मेरिट लिस्ट भी पूर्ण रूप से प्रदर्शितकी जाएगी। कॉलेज में शुक्रवार तक तृतीय और पांचवें सेमेस्टर में 1825 छात्रों ने प्रवेश लिया। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान कॉलेज के कुल 4800 प्रॉस्पेक्टस बिके। 24 से 27 जून तक मेरिट लिस्टें प्रदर्शित की जाएंगी और 28 से 30 जून तक सभी कक्षाओं की फीस जमा की जाएगी।
प्रधानाचार्य डॉ. एचएस जंवाल का कहना है कि 4800 प्रॉस्पेक्टस बिके हैं। सभी संकायों के प्रथम सेमेस्टर में 1708 छात्रों ने अपने फार्म भरकर एडमिशन कमेटियों के पास जमा करवाए हैं। शुक्रवार तक तृतीय और पांचवें सेमेस्टर में 1825 छात्रों ने दाखिला लिया।
अंतिम दिन चार बजे तक भरे गए फार्म
कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम दिन शुक्रवार को शम चार बजे तक एडमिशन कमेटियों ने बच्चों के फार्म जमा किए। इससे पूर्व रोजाना कमेटियां सिर्फ दो बजे तक ही फार्म जमा कर रही थीं। प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम दिन कोई छात्र प्रवेश से न छूटे, कॉलेज प्रबंधन ने एडमिशन के समय में वृद्धि की।
शुक्रवार शाम को ही तैयार हुई मेरिट लिस्टें
कॉलेज में कला और वाणिज्य संकायों की मेरिट लिस्टें 24 जून को प्रदर्शित की जाएंगी। प्रधानाचार्य ने विभिन्न विषयों के प्रवक्ताओं को अपने अपने विषय की मेरिट सूची शुक्रवार शाम तक तैयार करने के आदेश दिए हैं। अध्यापकों ने शाम चार बजे के बाद सूची तैयार कर ली। इन्हें शनिवार सुबह 10 बजे से नोटिस बोर्ड पर लगाया जाएगा।