अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर मरीजों से भर गया है। वार्डों में मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड कम पड़ रहे हैं। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन ने वार्डों के बाहर गैलरी में अतिरिक्त बिस्तर लगा दिए हैं। यहां अतिरिक्त बिस्तरों पर मरीजों को भर्ती किया गया है। क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में 200 बिस्तरों की सुविधा है। आजकल गर्मियों के चलते अस्पताल वायरल फीवर, उल्टी-दस्त के मरीजों से भरा पड़ा है। वार्डों में बिस्तर खाली न होने से वार्डों के बाहर करीब दो दर्जन अतिरिक्त बिस्तर लगाए गए हैं। यहां मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। गर्मियों में एकाएक बढ़ रही मरीजों की तादात से अस्पताल प्रबंधन ने वार्डों के बाहर गैलरी में अतिरिक्त बिस्तर लगा दिए हैं। वहीं मरीजों और तीमारदारों में कल्याण चंद, देशराज, हुकम चंद, हरदेई आदि का कहना है कि बाहर गैलरी में बिस्तर होने से मरीजों को परेशानी हो रही है। अस्पताल प्रबंधन को चाहिए कि वार्डों में ही अतिरिक्त बिस्तर लगाया जाएं। एमएस डॉ. अर्चना सोनी का कहना है कि रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए गैलरी में अतिरिक्त बिस्तरों का प्रावधान किया है।