हमीरपुर। जिले की 287 क्यूसेक क्षमता की 10 पंप कैनालों के लिए 1.09 करोड़ का बजट मिला है। इस बजट से सभी पंप कैनालों के रखरखाव व मरम्मत सहित सिल्ट की साफ-सफाई कराई जाएगी। विभाग का दावा है कि 15 नवंबर तक सभी पंप कैनालों को चालू करा दिया जाएगा। किसानों को सिंचाई के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा ।
जिले में लघु डाल नहर की 10 पंप कैनालें संचालित हैं। इनमें सबसे अधिक 60 क्यूसेक क्षमता की पत्योरा पंप कैनाल, छानी 50 क्यूसेक, सहुरापुर 50 क्यूसेक, सहजना 30 क्यूसेक, बैजेमऊ 30 क्यूसेक, भौली 25 क्यूसेक, बिलौटा 22.5 क्यूसेक, मीरापुर 10 क्यूसेक, रमेड़ा 7.5 क्यूसेक और सुरौली खुर्द 2.5 क्यूसेक क्षमता क्षमता की पंप कैनालें हैं। शासन इनके रखरखाव, मरम्मत व सिल्ट सफाई के लिए प्रति क्यूसेक 38 हजार रुपये के हिसाब से कुल 287 क्यूसेक के लिए 1.09 करोड़ से अधिक की धनराशि जारी कर दी है।
पत्योरा निवासी किसान प्रहलाद शंखवार ने बताया कि अभी पंप कैनाल के साफ सफाई का कार्य शुरू नहीं कराया गया है। समय से काम पूरा हो जाएगा तो समय से नहरें भी संचालित हो जाएंगी। इससे किसानों की समय से खेतों की सिंचाई भी हो जाएगी।
अधिशासी अभियंता लघु डाल शरद सिंह चौहान ने बताया कि विभाग को पंप कैनालों के साफ-सफाई व रखरखाव के लिए 38 हजार रुपये प्रति क्यूसेक के हिसाब से बजट जारी किया गया है। जल्द ही सभी पंप कैनालों की साफ-सफाई कराकर 15 नवंबर से इन्हें चालू करा दिया जाएगा।