गोरखपुर के बड़हलगंज दिस्तौवलिया गांव में राजमिस्त्री का काम करने आए रामशरण (32) की गला कसकर हत्या कर दी गई। रविवार की सुबह गांव में खेत किनारे शव पाए जाने की सूचना से सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त के बाद घरवालों को जानकारी दी।
मौत की खबर पाते ही उसके परिजन भी घटनास्थल पर आ गए और बताया कि रात में वह घर नहीं लौटा था। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेज जांच में जुटी है। परिजनों ने भी किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है।
बरडीहा सीधेगौर गांव निवासी रामशरण शनिवार की सुबह ही घर से निकला था। दिस्तौवलिया गांव में एक निर्माणाधीन मकान को बनाने का काम करने के बाद शाम को मजदूरी लेकर घर जाने को निकल गया। उधर, घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे थे।
साथी मजदूरों ने भी अकेले जाने की बात बताई और फिर रविवार की सुबह खेत में ग्रामीणों ने उसका शव खून से लतपत शव देखकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गले पर कसे जाने के निशान है। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान हैं। घरवालों ने किसी दुश्मनी से इंकार किया है। पुलिस मृतक के मोबाइल की भी जांच कर रही है।