मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कैम्पियरगंज तहसील के ग्राम बान (बढ़या ठाठर) पीपीगंज-मेंहदावल मार्ग पर राप्ती नदी पर बने सेतु का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने गोरखपुर व संतकबीर नगर से जुड़ी 17,920 लाख रुपये से अधिक की 14 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर और संतकबीर नगर की जनता ठाठर पुल की मांग लंबे समय से कर रही थी। आज दोनों जिलों के लोगों का ये सपना साकार हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि विकास ही खुशहाली का एकमात्र जरिया है।
कैबिनेट ने आज संतकबीर नगर की बेलहर कला और बेहलर खुर्द ग्राम पंचायत को नगर पंचायत बनाने का फैसला लिया है। आने वाले समय में नगर पंचायतों की संख्या और बढेगी। नगर पालिकाओं और नगर निगम की सीमाओं का भी विस्तार किया होगा। इससे वहां के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना भेदभाव के विकास की सोच को 2014 में आगे बढ़ाया था, आदर्श ग्राम और स्मार्ट सिटी भी उसी की कड़ी हैं। हमारी सरकार ने गांव और शहर के बीच का भेद खत्म किया है। अब प्रदेश का हर जिला और हर नागरिक खास है। ढाई वर्ष पहले कुछ ही जिलों को बिजली मिलती थी।
आजादी के बाद से हजारों गांवों को बिजली नहीं मिली मगर हमारी सरकार ने 1 करोड़ 80 लाख लोगों के घरों में बिजली पहुंचाई, धान क्रय केंद्र खोले, गन्ना मूल्य का भुगतान किया और बन्द चीनी मिलों को चलाया।
योगी ने कहा कि पहले की सरकारें योजनाओं का लाभ देने के लिए लोगों का चेहरा, जाति और मजहब देखती थीं, पर हमारा एकमात्र मानक सिर्फ पात्रता है। इसी आधार पर अब तक हमने आवास, शौचालय,रसोई गैस कनेक्शन, राशन कार्ड,विधवा और विकलांग पेंशन के जरिए लोगों को लाभान्वित कराया है।