इंसेफेलाइटिस व अन्य संचारी रोगों के खात्में की खातिर लोगों को जागरूक करने के लिए दस्तक अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर से 33 जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखा रवानाकर और तिरंगे के रंग के बैलून को उड़ाकर किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल के तीन दस्तक अभियानों की सफलता को देखते हुए इस साल का पहला ‘दस्तक अभियान’ चलाया जा रहा है। ये अभियान 10 से 28 फरवरी तक चलेगा। दस्तक अभियान जिले के साथ-साथ गोरखपुर और बस्ती मंडल के सातों जिलों में चलाया जाएगा।
साथ ही एमडीए अर्थात मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के तहत स्वास्थ्य विभाग फाइलेरिया से निपटने की पूरी तैयारी कर चुका है। जिले में 40 लाख से अधिक लोगों को 10 से 14 फरवरी तक घर-घर जाकर फाइलेरिया की दवा खिलाई जाएगी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य प्रशांत द्विवेदी, कमिश्नर अमित कुमार गुप्ता, सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी डॉ आई वी विश्वकर्मा, डॉ नंद कुमार, डॉ ए के पांडेय समेत अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।