गोरखपुर। गोरखपुर डायसिस ऑफ लखनऊ से जुड़े शहर के शास्त्री चौक स्थित क्राइस्ट चर्च में शुक्रवार को आत्मिक जागृति सभा का आयोजन हुआ। इसमें पवित्र बाइबिल के गूढ़ तत्वों को आत्मसात किया गया। देर शाम आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान चर्च में प्रभु यीशु के भजन गूंजे।
आत्मिक जागृति सभा का नेतृत्व चर्च के पादरी डीआर लाल ने किया। इस अवसर पर बतौर मुख्य वक्ता विक्ट्री चर्च ऑफ इंडिया नई दिल्ली के पास्टर एसजे कुमार ने सबसे पहले पवित्र बाइबिल का पाठ किया और उसके बाद ग्रंथ के गूढ़ तत्वों पर प्रकाश डाला। इसे चर्च से जुड़े मसीही समाज के लोगों ने शांतिपूर्वक और श्रद्धा के साथ सुना।
पास्टर कुमार ने ‘विश्वास’ विषय पर प्रकाश डाला और कहा कि जो विश्वास के साथ कार्य करेगा, प्रभु उससे कई अद्भुत कार्य कराएगा। चर्च के क्वायर ने ‘भजते क्यों नहीं रे मनमूरख यीशुनाम जै यीशुनाम...’ गीत गाकर वातावरण में भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर एसके लारेंस, डॉ. दीपक टूडी, एमवीके मैसी, विवेक लारेंस, लीना लाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
एक मार्च को चर्च की 175वीं वर्षगांठ
गोरखपुर। मसीही सेवक वीपी अलेक्जेंडर ने बताया कि एक मार्च को क्राइस्ट चर्च अपनी 175वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। चर्च के पादरी डीआर लाल ने डायसिस ऑफ लखनऊ के महाधर्माध्यक्ष विशप डॉ. पीटर बलदेव को आमंत्रित किया है। उन्होंने समारोह में शिरकत करने की अनुमति दे दी है।