एनडीआरएफ टीम ने मजदूरों को बचाया
- फोटो : अमर उजाला
कुशीनगर की गंडक नदी के अमवा खास तटबंध के पास बिहार के पीपा पुल की मरम्मत करने जा रहे कुछ मजदूरों को बुधवार सुबह एनडीआरएफ टीम ने डूबने से बचा लिया। मजदूरों को लेकर जा रहा स्टीमर गंडक नदी के बीच बने भंवर में फंसकर पलट गया था, जिससे वे डूबने लगे थे। समय रहते ही एनडीआरएफ टीम ने वहां पहुंच कर तीनों मजदूरों को बचा लिया।
एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट पीएल शर्मा के नेतृत्व में तैनात 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (वाराणसी) टीम अमवा खास तटबंध पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए थी। एनडीआरएफ टीम ने इस भयानक घटना को देखते ही बिना समय गंवाए तत्काल प्रभाव से गंडक नदी के पानी की तेज रफ्तार व भंवरीली लहरों का सामना करते हुए, उनके पास पहुंचकर सुरक्षित बाहर निकाल कर अपने अदम्य साहस का परिचय दिया।
इस पूरे ऑपरेशन के दौरान टीम का संचालन निरीक्षक डीपी चंद्रा कर रहे थे। उनके साथ निरीक्षक अमोल कुमार, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, सहायक उपनिरीक्षक सेल नाथ राय व अन्य बचाव कर्मियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।