मंगलवार शाम को मौसम बदला और धूल भरी हवा चलने लगी
- फोटो : mahesh kumar
मौसम में मंगलवार की शाम आए बदलाव से लोगों को राहत मिली। दिन भर गर्मी झेलने के बाद शाम को तेज हवा के बीच बूंदाबांदी होने से मौसम सुहाना हो गया। हालांकि तेज हवा के चलते कई स्थानों पर टिन शेड उड़ गए। झोपड़ियां जमींदोज हो गईं। एहतियात के तौर पर बिजली भी काट दी गई। विशेषज्ञ के अनुसार बुधवार को भी मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान है।
पश्चिमी राजस्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बने कम दबाव की वजह से बंगाल, झारखंड, बिहार में तीन दिनों से बारिश हो रही है। मंगलवार को इसका असर दक्षिणी और पूर्वी उत्तरप्रदेश में भी दिखा। इस दिन सुबह से शाम तकरीबन पांच बजे तक काफी उमस रही। पांच बजे के बाद तेज हवा चलने लगीं।
तकरीबन 38 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवा से लोगों को काफी परेशानी भी झेलनी पड़ी। कहीं टिन शेड उड़ गए तो कहीं पेड़ की टहनियां टूटकर गिर गईं। मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अनुसार अभी कुछ और दिन यही स्थिति बनी रहेगी। 11 और 15 मई को जिले और आसपास के इलाकों में गरज और हवाओं के साथ हल्की बारिश का अनुमान है।
पूर्व और दक्षिण पश्चिम से चार से लेकर 32 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल सकती है।