जलकल विभाग जल्द ही पांच हजार घरों को वाटर सप्लाई के जरिए स्वच्छ पानी मुहैया कराने की तैयारी में है। इसके लिए छोटे और बड़े 16 ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इसकी कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी हैै।
मौजूदा समय में जलकल शहर के 62,000 घरों में पीने का पानी मुहैया करा रहा है। इसके लिए पहले से 108 बड़े ट्यूबवेल और 40 छोटे ट्यूबवेल हैं। अब 16 और ट्यूबवेल लगाकर शहर के पांच हजार और घरों को वाटर सप्लाई से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इनमें से लाखों रुपये की लागत से चार बड़े ट्यूबवेल इंदिरानगर, मिर्जापुर, धर्मशाला और घोसीपुरवा में लगेंगे, जबकि मोहनलाल, अरबिया मदरसा के पास, माधोपुर उत्तरी काली मंदिर, नरसिंहपुर, अली नगर और इलाहीबाग सहित 12 अलग-अलग जगहों पर छोटे ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। विभाग 24 घंटे में तीन बार लोगों के घरों तक पानी की सप्लाई देता है।
जल्द लगेंगे ट्यूबवेल
जलकल पानी की कमी को दूर करने के लिए प्रयासरत है। आए दिन पानी न आने की शिकायतें मिलने पर टैंकर भेजने की आवश्यकता पूरी की जाती है। इस जरूरत को कम करने के लिए 108 बड़े ट्यूबवेल को बढ़ाकर 112 किया जाएगा और छोटे 40 ट्यूबवेल को बढ़ाकर 52 कर दिया जाएगा। ये काम जल्द शुरू हो जाएंगे।
- पीएन मिश्रा, प्रभारी सहायक अभियंता
यहां लगेंगे बड़े ट्यूबवेल
इंदिरा नगर के बगल में रसूलपुर में
मिर्जापुर में चैन सिंह बाबा मंदिर के पास
धर्मशाला बाजार में
घोसी पुरवा में
यहां लगेंगे छोटे ट्यूबवेल
मोहन लाल में अरबिया मदरसा के पास
माधोपुर उत्तरी (काली मंदिर परिसर में)
माधोपुर दक्षिणी जफर कालोनी
नरसिंह पुर में
जटेपुर उत्तरी लोहिया नगर हड़वा फाटक से पहले दाहिने तरफ
पुराना गोरखपुर, इमामाबाड़ा के नजदीक
अलीनगर उत्तरी में
नंदानगर में
लोहियानगर दुर्गा मंदिर के पास
रामजानकी नगर में आरएस पांडेय के घर के पास
इलाहीबाग वार्ड अंतर्गत दाउदचक में
इस्माइलपुर शिव मंदिर के पास
पानी की टंकियों की सफाई कराई
जलकल विभाग ने बुधवार को शहर में अलग-अलग जगह बनी 29 बड़ी पानी टंकियों की सफाई कराई। प्रभारी सहायक अभियंता पीएन मिश्रा ने बताया कि 10 मई तक यह अभियान चलेगा। पहले दिन मोहद्दीपुर और महादेव झारखंडी, आवास विकास कॉलोनी में पुराना ओवरहेड टैंक की सफाई कराई गई है। उन्होंने बताया कि छह माह के बाद टंकियों की सफाई कराई जाती है।