महिला अस्पताल में शुरू हुए अभियान के तहत छात्रा को टीका लगाते हुए।
- फोटो : Amar Ujala
डीएम राजीव रौतेला ने सर्विक्स कैंसर से बचाव के लिए जिला महिला अस्पताल में आयोजित (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस वैक्सीन) टीकाकरण अभियान का बुधवार को शुभारंभ किया। इसके तहत 9 से 14 साल की लड़कियों का निशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। पहले दिन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के साथ कुछ अन्य विद्यालयों की 61 लड़कियों को टीके लगाए गए। यह टीका बुधवार और शनिवार को लगाया जाएगा।
इस अवसर पर डीएम ने वहां पर उपस्थित सीएमएस से बीमारी एवं टीकाकरण के बारे में जानकारी प्राप्त की। बताया गया महिलाओं में इस बीमारी का अधिक प्रसार है। इससे बचाव के लिए 9 से 14 वर्ष की लड़कियों का निशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। शासन की ओर से महिला अस्पताल को 1500 डोज उपलब्ध कराया गया है। लड़कियों को यह टीका जन्म प्रमाण पत्र देखने के बाद ही लगाया जा रहा है। टीकाकरण का दूसरा डोज पांच से तेरह माह के बीच में लगाया जाएगा। बाहर से दवा का डोज पूरा करने में करीब 30 हजार रुपये का खर्च आता है, जिसे जिला महिला अस्पताल में निशुल्क मुहैया कराया जा रहा है।
एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी
डीएम ने बुधवार को जिला अस्पताल से आधुनिक सुविधायुक्त एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने एंबुलेंस में मौजूद उपकरणों के बारे में पूरी जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रवींद्र कुमार, महिला अस्पताल की एसआईसी डॉ. एके गुप्ता, फॉर्मासिस्ट गणेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।