हैंडपंप से पानी भरने को मजबूर डॉक्टर और तीमारदार।
- फोटो : amar ujala
मेडिकल कॉलेज के चिल्ड्रेन और ईएनटी विभाग में अब भी पानी का संकट बरकरार है। बीते दिनों हुए फाल्ट के बाद से ही इन वार्डों की टोटियां सूखी पड़ी हैं। सिस्टर की ओर से अधिकारियों को इस बाबत जानकारी भी दी जा चुकी है, लेकिन कोई पहल नहीं हुई। हालत यह है कि लोगों को शौचालय तक के लिए बाहर से पानी लाना पड़ रहा है।
पिछले सप्ताह अचानक मोटर में खराबी आ जाने से वार्डों में पानी का संकट उत्पन्न हो गया था। तीन दिन बाद मोटर ठीक कराई गई पर इसके बाद भी आज तक ऊपरी मंजिल पर पानी नहीं पहुंच पाया। अस्पताल प्रशासन ने सोमवार की शाम को ही पानी की समस्या दूर करने का वादा किया था, मगर हकीकत इससे परे है। पानी टंकी तक तो पहुंच रहा है मगर ऊपरी मंजिल तक नहीं। वहां भर्ती मरीजों के तीमारदारों को बाहर से पानी लाना पड़ रहा है।
खरीदकर लाता हूं पानी
वार्ड में दो दिन से मरीज भर्ती है। पानी नहीं आ रहा है। बाहर से पीने के लिए पानी खरीद कर ला रहा हूं, तब मरीज और मेरा काम चल रहा है।
- जितेंद्र, गुलरिहा
शौचालय में भी पानी नहीं
शौचालय में भी पानी नहीं आ रहा है। बाहर लगे हैंडपंप से पानी लेकर आता हूं तब मरीज और मैं शौच करने जा पाता हूं।
- नूर मोहम्मद, नौतनवां