मिल्क वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते डीएम।
- फोटो : Amar Ujala
शहर से लेकर देहात तक दर्जन भर क्षेत्रों में मोबाइल मिल्क टेस्टिंग मशीन से दूध के 131 नमूनों की जांच की जांच की गई। इसमें 80 फीसदी नमूनों में पानी मिला। हालांकि यह राहत देने वाली बात है कि किसी भी नमूने केमिकल आदि के मिलावट की पुष्टि नहीं हुई। मोबाइल टेस्टिंग मशीन शनिवार को भी जिले में रहेगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहीत अधिकारी अजीत कुमार (9450725235) और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल राय के मोबाइल नंबर (9454468595) पर संपर्क कर इस मोबाइल मिल्क टेस्टिंग मशीन की लोकेशन की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कोई भी व्यक्ति इस टेस्टिंग मशीन से नि:शुल्क अपने घर में इस्तेमाल होने वाले दूध की गुणवत्ता जांच सकता है।
डीएम राजीव रौतेला ने शुक्रवार की सुबह नौ बजे कलेक्ट्रेट सभागार में मोबाइल मिल्क टेस्टिंग मशीन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एसएसपी आरपी पाण्डेय, सहायक खाद्य आयुक्त पीएन सिंह समेत खाद्य सुरक्षा विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मोबाइल मिल्क टेस्टिंग वैन के साथ उनके अलावा चार खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद थे।
पूरे दिन टीम ने खजनी चौराहे, कस्तूरबा गांधी विद्यालय उरुवां, माल्हनपार, कौड़ीराम, बेलीपार, महावीर छपरा और शहर के दाउदपुर आदि क्षेत्रों में कैंप लगाकर दूध के नमूनों की जांच के साथ ही लोगों को अन्य खाद्य पदार्थों की घर पर ही जांच का तरीका भी बताया। इसके अलावा टीम ने विभाग द्वारा एक हजार फीस जमा करने पर किसी भी खाद्य पदार्थ की जांच कराने संबंधी योजना के बारे में भी जानकारी दी।