विदर्भ के खिलाड़ियों को आउट करने के बाद खुशी मनाते यूपी के खिलाड़ी।
- फोटो : Rajesh Kumar
पूर्वोत्तर रेलवे के मैदान पर विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए मंगलवार से शुरू हुए तीन दिनी अंडर 16 क्रिकेट मैच का पहला दिन गेंदबाजों के नाम रहा। इस दिन 14 विकेट गिरे। कार्तिक त्यागी की अगुवाई में मेजबान यूपी के गेंदबाजों ने विदर्भ को मात्र 91 रनों पर समेट दिया। हालांकि विदर्भ के गेंदबाजों ने पलटवार करते हुए यूपी के चार विकेट निकाल लिए, लेकिन आर्य सेठी के शानदार 72 रन, कप्तान आर्यन शर्मा (31) व समीर रिजवी (नाबाद 36) की सधी पारियों की बदौलत यूुपी ने चार विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाकर मेहमानों पर 69 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली।
बीसीसीआई के बैनर तले आयोजित इस मैच में सुबह नौ बजे टॉस हुआ। मेजबान कप्तान आर्यन ने अपनी रणनीति के मुताबिक विदर्भ को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मैच की शुरुआत में ही यूपी के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। उन्होंने मात्र 22 रन देकर विदर्भ के सात विकेट झटक लिए। उन्हें स्पर्श जैन ने भी अच्छा सहयोग दिया और 28 रन देकर तीन विकेट चटकाए। दोनों गेंदबाजों के आगे विदर्भ ने घुटने टेक दिए और पूरी टीम 91 रनों पर सिमट गई।
विदर्भ की ओर से एकमात्र अमन धनकर ही ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने यूपी के गेंदबाजों का डटकर सामना किया। हालांकि वह अर्द्धशतक से दो रनों से चूक गए। उन्होंने 48 रन बनाए। मैच में यूपी के गेंदबाज कितने हावी रहे, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अमन के अलावा राहुल ओ. डोंगरवार (14) ही दूसरे बल्लेबाज रहे जिन्होंने दहाई का आंकड़ा पार किया। उनसे ज्यादा अंशदान अतिरिक्त (15) रनों का रहा।
प्रत्युत्तर में यूपी ने संभलकर शुरुआत की। आर्य सेठी ने एक छोर पकड़कर बेहतरीन 72 रन बनाए। उन्हें कप्तान आर्यन शर्मा ने 31 और समीर रिजवी ने नाबाद 36 रन बनाकर अच्छा सहयोग दिया जिसकी बदौलत स्टंप उखड़ने तक स्कोर बोर्ड पर यूपी के चार विकेट पर 160 रन बन चुके थे। समीर का दूसरे छोर पर वेदांश प्रजापति (नाबाद 17) साथ दे रहे हैं। विदर्भ के लिए रोहित दत्तात्रेय ने 54 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि मानदार माहाले को 32 रन पर एक विकेट मिला। बुधवार को जब मैच शुरू होगा तो मेजबानों की पूरी कोशिश अधिक से अधिक बढ़त लेने की होगी ताकि दूसरी पारी में विदर्भ पर पकड़ मजबूत हो सके। मैच के अंपायर पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सदानंद विश्वनाथ और के. रघुराम हैं, जबकि मैच रेफरी रहे युवराज सिंह।