यूपी बोर्ड की परीक्षाएं दो पॉलियों में मंगलवार से शुरू होंगी। 1,70,057 परीक्षार्थियों के लिए जिले में मंडलीय कारागार समेत कुल 209 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली इस परीक्षा के लिए 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 11 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जबकि आठ परीक्षा केंद्रों का जिम्मा एसटीएफ के हवाले किया गया है। परीक्षा केंद्रों में नकल पकड़े जाने पर केंद्र व्यवस्थापक जेल जाएंगे।
पहली पॉली की परीक्षा सुबह 7:30 बजे और दूसरी पॉली की दोपहर दो बजे शुरू होगी। तीन घंटे की परीक्षा के अलावा 15 मिनट अलग से दिए जाएंगे। मंगलवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान और इंटरमीडिएट में हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र की, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट में सामान्य हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा होगी। डीआईओएस ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के अलावा पांच सचल दस्ते भी बनाए गए हैं। कहीं भी नकल या अव्यवस्था की शिकायत कंट्रोल रूम पर दर्ज कराई जा सकती है। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र, पंजीकरण पत्र एवं आधार कार्ड लेकर आना होगा।
नहीं पहुंचे कक्ष निरीक्षक
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए शिक्षा विभाग भले ही पुख्ता इंतजाम का दावा कर रहा है लेकिन 24 घंटे पहले तक कक्ष निरीक्षकों की तैनाती नहीं हो सकी। ज्यादातर परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक नहीं पहुंचे। अगर मंगलवार की सुबह तक कक्ष निरीक्षक नहीं पहुंचे तो नकलविहीन परीक्षा कराना मुश्किल हो जाएगा।
17 बंदी जेल में देंगे परीक्षा
गोरखपुर मंडलीय कारागार के 17 बंदी भी बोर्ड की परीक्षा देंगे। नेहरू बैरक के बरामदे में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में इनकी परीक्षा कराई जाएगी। इनके बैठने के लिए कुर्सी-बेंच की व्यवस्था की गई है। जुबली इंटर कॉलेज के शिक्षक को व्यवस्थापक बनाया गया है। डिप्टी जेलर विकास कटियार के साथ पांच सिपाहियों की ड्यूटी लगायी गई है। परीक्षा देने वालों में 10 हाईस्कूल और सात इंटर के परीक्षार्थी है। इसके अलावा बहराइच, फैजाबाद, सुल्तानपुर जेल बंदी भी गोरखपुर में परीक्षा देंगे। जेल अधीक्षक ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आज की परीक्षाएं
पहली पॉली : हाईस्कूल गृह विज्ञान
इंटरमीडिएट हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र
दूसरी पाली : इंटरमीडिएट सामान्य हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र
देर शाम तक बंटा प्रश्नपत्र
पेपर लीक होने की आशंका के मद्देनजर 102 परीक्षा केंद्रों के छह प्रश्नपत्र बदले गए हैं। सोमवार को केंद्र व्यवस्थापकों और प्रतिनिधियों को प्रश्नपत्र दिए गए। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में प्रश्नपत्र लेने वालों की भीड़ देर रात तक जुटी रही।
कंट्रोल रूम
डीएम आवास : 0551-2334306
जुबिली इंटर कॉलेज : 0551 2334706
डीआईओएस दफ्तर : 9919716027, 9454747722
फैक्ट फाइल
कुल परीक्षा केंद्र : 209
कुल परीक्षार्थी : 1,70,057
हाईस्कूल परीक्षार्थी : 93,483
इंटरमीडिएट परीक्षार्थी : 76,574