यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन अव्यवस्थाओं के चलते काफी दिक्कतें भी हुईं। कई परीक्षा केंद्रों पर कम रोशनी की शिकायत मिली तो ज्यादातर केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक की कमी रही। ग्रामस्थली बालिका इंटर कॉलेज ककराखोर में गृह विज्ञान की परीक्षा में इसी विषय की शिक्षिका ड्यूटी करते मिलीं और तीन शिक्षकों के पास परिचय पत्र नहीं थे। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक को बदलकर उनके खिलाफ सामूहिक नकल कराने के आरोप में बेलीपार थाने में तहरीर दी है। यहां की कापियों की स्क्रीनिंग भी कराई जाएगी। इसके अलावा नकल करती पकड़ी गई एक छात्रा को रस्टीकेट कर दिया गया।
पहले दिन डीएम राजीव रौतेला समेत कई आला अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। जेपी इंटर कॉलेज कैंपियरगंज में डीएम ने एक कमरे में कम रोशनी देखकर केंद्र व्यवस्थापक को जमकर फटकार लगाई। डीआईओएस ज्ञानेेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने ग्राम स्थली बालिका इंटर कॉलेज ककराखोर में सुबह की पॉली में पहुंचे। उस समय गृह विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। कमरा नंबर 14 में मेवाती इंटर कॉलेज बिस्टौली बुजुर्ग कौड़ीराम की गृह विज्ञान की शिक्षिका मृदुला कक्ष निरीक्षक के रूप में ड्यूटी करती मिलीं। वहीं तीन शिक्षकों के पास परिचय पत्र नहीं थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य की आलमारी में बंद हैं।
डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक प्रज्ञा सिंह को हटाकर उनकी जगह कुसमौल इंटरमीडिएट कॉलेज के शिक्षक दीप नारायण पांडेय को केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त कर दिया। उन्होेंने बोर्ड के सचिव को गृह विज्ञान की कापियों की स्क्रीनिंग कराने को पत्र लिखा है। इसके अलावा वीर शिवाजी इंटर कॉलेज सरहरी में केंद्र व्यवस्थापक ने एक छात्रा को नकल करते पकड़ा। उसे रस्टीकेट कर दिया गया।
प्रवेशपत्र न मिलने से प्राइवेट फार्म भरने वाले सैकड़ों अभ्यर्थियों की परीक्षा छूटी
यूपी बोर्ड परीक्षा में प्राइवेट फार्म भरने वाले सैकड़ों अभ्यर्थियों की परीक्षा पहले दिन छूट गई। इनको प्रवेशपत्र ही नहीं मिल सका है। विद्यालय से लेकर क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय का चक्कर काटकर परेशान हो चुके अभ्यर्थियों ने अधिकारियों से कहा कि फार्म भरा है, प्रवेश पत्र नहीं मिला। आप ही बताएं, परीक्षा कहां दे। उनके सवाल का अधिकारी भी स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज स्थित बोर्ड कार्यालय पहुंचे अरविंद सिंह, अविनाश गुप्ता, सर्वेश मणि त्रिपाठी, राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने जेपी सिंह इंटर कॉलेज सोनबरसा से इंटरमीडिएट का प्राइवेट फार्म भरा है। प्रधानाचार्य ने बोर्ड कार्यालय पर प्रवेश लेने के लिए कहा। विद्यार्थी जब बोर्ड कार्यालय पहुंचे तो यहां के कर्मचारियों ने कहा कि जेपी इंटर कॉलेज को प्राइवेट छात्रों का प्रवेश लेने की मान्यता नहीं दी गई है। अगर उन्होंने प्रवेश लिया है तो नियम विरुद्ध है। यह सुनकर विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गई। उन्होेंने डीएम से मिलने का निर्णय लिया है।
पहली पॉली में 6056 ने छोड़ दी परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन पहली पॉली में 6056 परीक्षार्थियों ने पेपर छोड़ दिया। सुबह की पॉली में हाईस्कूल में हिंदी व गृह विज्ञान में पंजीकृत 24750 परीक्षार्थियों में 2692 अनुपस्थित मिले, जबकि इंटरमीडिएट में सामान्य हिंदी की परीक्षा में नामांकित 25833 में से 3364 ने परीक्षा छोड़ दी।
1200 कक्ष निरीक्षक की कमी
बोर्ड परीक्षा में छात्र संख्या के आधार बनाए गए 209 परीक्षा केंद्रों में करीब 5100 कक्ष निरीक्षकों की जरूरत है, जबकि मंगलवार को 3900 कक्ष निरीक्षकों ने ही ड्यूटी की। विभागीय कंट्रोल रूम के मुताबिक परिषदीय स्कूलों से भी कक्ष निरीक्षक मांगे गए थे, लेकिन वे किसी भी केंद्र पर नहीं पहुंचे। गंगा स्मारक प्रसाद इंटर कॉलेज चौरीचौरा में 49 कक्ष निरीक्षकों की जरूरत थी, जबकि 23 ही पहुंचे।
आलमारी का ताला तोड़कर निकाले गए प्रश्नपत्र
कौड़ीराम में हनुमान आचार्य कुल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बोर्ड परीक्षा संपन्न कराने की व्यवस्था में लगे लोगों के सामने उस संकट पैदा हो गया जब प्रधानाचार्य गीता राय के निधन की खबर मिली। प्रबंधक रवि शंकर राय की सूचना पर डीआईओएस ने उन्हें सेक्टर मजिस्ट्रेट बांसगांव और बीडीओ से संपर्क करने को कहा। जानकारी होते ही दोनों अधिकारी मंगलवार सुबह परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और अपने सामने आलमारी का ताला तोड़वाकर बोर्ड परीक्षा के पेपर और कॉपियों को निकलवाया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक वीरेंद्र राय को केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त कर परीक्षा समय से संपन्न कराई गई।
सभी छात्राओं ने छोड़ी गृह विज्ञान की परीक्षा
सहजनवां में बोर्ड परीक्षा के पहले दिन बैजलपुर इंटर कॉलेज की सभी 26 छात्राओं ने हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा छोड़ दी। मुरारी इंटर कालेज के केंद्र व्यवस्थापक डॉ. राजकरन प्रजापति ने बताया कि बैजलपुर इंटर कॉलेज का परीक्षा केंद्र मुरारी इंटर कॉलेज को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पहले दिन एक भी छात्राएं परीक्षा देने नहीं आईं।
आज की परीक्षाएं
पहली पॉली : हिंदी केवल प्रश्नपत्र, प्रारंभिक हिंदी
इंटरमीडिएट संगीत गायन, संगीत वादन, नृत्यकला प्रथम प्रश्नपत्र
दूसरी पाली : इंटरमीडिएट बीमा सिद्धांत एवं व्यवहार प्रथम प्रश्नपत्र, सामान्य आधारिक विषय प्रथम प्रश्नपत्र