गोरखपुर। नंदानगर क्रासिंग पर अंडरपास के निर्माण को अब और मजबूती मिल गई है। किन्हीं कारणों से अगर शासन की तरफ से फंड नहीं मिला तो गोरखपुर विकास प्राधिकरण(जीडीए) इसका खर्च उठाएगा।
अंडरपास के निर्माण को लेकर कमिश्नर पी गुरु प्रसाद ने सेतु निगम के साथ ही साथ जीडीए को भी तैयारी तेज करने के निर्देश दिए हैं। इससे जहां नंदानगर में जाम की समस्या खत्म हो जाएगी वहीं रोजाना वहां से गाड़ी लेकर गुजरने वालों ेको भी क्रासिंग पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
दरअसल पहले यहां ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव था। रेलवे भी इसके लिए तैयार थी मगर सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए एयरफोर्स ने इस पर आपत्ति लगा दी। इसके बाद विकल्प के तौर पर वहां अंडरपास बनाने की सहमति बनी जिस पर एयरफोर्स ने भी अपनी रजामंदी दे दी है।
कमिश्नर ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि निर्माण के संबंध में उन्होंने सेतु निगम के अफसरों की बैठक बुलाई थी और जल्द से जल्द इस्टीमेट आदि तैयार करने का निर्देश दिया है। बताया कि रेलवे आधा खर्च उठाने के लिए पहले से तैयार है। ऐसे में अगर शासन स्तर से फंड आदि में कोई दिक्कत आती है तो आधा खर्च जीडीए वहन करेगा।