अल्ट्रासाउंड के इंतजार में बैठी महिलाएं।
जिला महिला अस्पताल में शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड नहीं हुआ। सुबह आठ बजे से ही लाइन में लगी महिलाओं को करीब एक घंटे बाद इसकी जानकारी दी गई कि डॉक्टर छुट्टी पर हैं। इससे महिलाओं में काफी गुस्सा था।
दरअसल, अस्पताल में एक ही रेडियोलॉजिस्ट हैं जो सुबह अचानक छुट्टी पर चले गए। बताया जा रहा है कि उनके पिता की तबीयत खराब होने की वजह से वह नहीं आए। विकल्प के तौर पर जिला अस्पताल से रेडियोलॉजिस्ट मांगे गए हैं।
जिले में प्रसव संबंधी अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था सिर्फ महिला अस्पताल में है। सुबह आठ से दो बजे तक अल्ट्रासाउंड होने की वजह से महिलाएं सुबह ही आ गई थीं। एक दिन में 50 ही अल्ट्रासाउंड होने के कारण महिलाएं सुबह साढ़े सात बजे से ही नंबर लगने लगती हैं।
कुछ दिन पहले तक जिला अस्पताल के उधारी के रेडियोलॉजिस्ट से व्यवस्था चल रही थी मगर डॉ. एके झा के स्थायी तैनाती के बाद से कुछ सुधार हुआ था। शुक्रवार की सुबह अचानक फोन पर डॉ. झा ने आने की असमर्थता जताई। कई महिलाएं प्राइवेट पैथोलॉजी चली गईं तो कई दूसरे दिन जांच की उम्मीद लेकर लौटी हैं।
महिला अस्पताल प्रशासन की ओर से जिला अस्पताल को एक रेडियोलॉजिस्ट के लिए पत्र लिखा गया है।